Friday, May 17, 2013

कोलगेट की जांच से जुड़े सीबीआइ अफसर घूसखोरी में गिरफ्तार


नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। कोयला आवंटन घोटाले की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में फटकार सुन रही सीबीआइ के लिए मुश्किलें और बढ़ गई है। इस घोटाले की जांच से जुड़े एसपी विवेक दत्त और एक इंस्पेक्टर राजेश को शुक्रवार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
एक जमीन विवाद को निपटाने के लिए ये दोनों सीबीआइ मुख्यालय के ठीक बाहर व्यापारी से सात लाख रुपये की रिश्वत ले रहे थे। कोयला घोटाले की जांच में गड़बड़ी पर सुप्रीम कोर्ट की लताड़ के बाद इससे जुड़े सभी अधिकारियों की आंतरिक निगरानी बढ़ा दी गई थी। इसी निगरानी के दौरान विवेक दत्त और राजेश के अवैध वसूली और रिश्वतखोरी में लिप्त होने के तथ्य सामने आए थे। मामले की जानकारी तत्काल सीबीआइ निदेशक रंजीत सिन्हा को दी गई। इसके बाद उन्होंने इन दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने का फैसला किया। रंजीत सिन्हा की निगरानी में चले इस ऑपरेशन देर शाम सात लाख रुपये की घूस लेते हुए सीबीआइ के ही विजिलेंस विभाग ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।